गिरिडीह , अप्रैल 30 -- झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार दोपहर बाद अचानक चली तेज हवाएं और मूसलाधार बारिश से जहां एक और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

वहीं कई स्थानों पर पेड़ गिरने की खबरें आई है। जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा क्षेत्र में गुरुवार को करीब 4 बजे तेज हवा के कारण एक पेड़ गिर गया, जिसके चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों ने बताया कि बिरनी प्रखंड के बराय के रहने वाले हीरालाल मंडल के पुत्र आशीष कुमार मंडल, नारायण महतो के पुत्र सचिन कुमार वर्मा और सौरव मंडल बाइक से घर लौट रहे थे। इसी क्रम में सड़क किनारे मौजूद एक पेड़ उनके ऊपर गिर गया। जिससे आशीष कुमार मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन फानन में तीनों युवकों को पेड़ के नीचे से निकाल कर अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दोनों युवकों को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित