गिरिडीह , जून 23 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के बासोकांडो में अज्ञात लोगों ने पीट पीटकर एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी।
हत्या का कारण फिलहाल जमीनी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बसगोहरा गांव के रहने वाले बासुदेव मंडल अपने ट्रैक्टर के ड्राइवर को लाने के लिए बासोंकांडों आया हुआ था तभी एक सुनसान जगह पर अज्ञात लोगों ने उस पर हमला किया। जहां पत्थर और लाठी डंडे से मार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूर्व मंत्री सह डुमरी की पूर्व विधायक बेबी देवी भी घटनास्थल पहुंचीं। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाया। बेबी देवी ने घटना को दुखद एवं निंदनीय बताते हुए जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर हत्या में शामिल दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर मृतक का बाइक चश्मा सहित हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर और डंडा मिला है। जांच के लिए फॉरेंसिक की टीम को भी बुलाया जा रहा है। वहीं पुलिस भी जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित