गिरिडीह , मई 24 -- झरखंड के गिरिडीह के मोहनपुर स्थित केंद्रीय कारा में देर रात जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से औचक छापेमारी अभियान चलाया।

जिलाधिकारी रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में करीब 45 अधिकारी और लगभग डेढ़ सौ पुलिस जवान शामिल थे। करीब दो घंटे तक चले अभियान में जेल के सभी पुरुष और महिला वार्डों की गहन तलाशी ली गई।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि रात करीब 10:45 बजे अधिकारियों और जवानों की टीम केंद्रीय कारा पहुंची। इसके बाद पुरुष बंदियों के पांचों ब्लॉक के कुल 20 वार्डों को एक-एक कर खंगाला गया। वहीं महिला अधिकारियों और महिला जवानों ने महिला वार्ड में तलाशी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी और एसपी ने संतरी व्यवस्था, ड्यूटी रोस्टर, बंदियों से मुलाकात की प्रक्रिया, जेल परिसर में पानी की उपलब्धता और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली। साथ ही जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को कई आवश्यक निर्देश भी दिए।

एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि केंद्रीय कारा गिरिडीह का औचक निरीक्षण किया गया है। सभी ब्लॉक और वार्डों की तलाशी के साथ सुरक्षा व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित