चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गिद्दड़बाहा में तीन वर्षीय बालिका के साथ हुई दरिंदगी की घटना पर गहरा दुख जताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाये हैं।
राजा वड़िंग ने मंगलवार को कहा कि बालिका के साथ बर्बरता करने के बाद उसे रेलवे ट्रैक के पास फेंक देना बेहद दिल दहला देने वाली घटना है। उन्होंने बताया कि बालिका फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि पंजाब में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हो रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हर बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि घटना के जिम्मेदार आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाये और कानून के अनुसार उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलायी जाये।
राजा वड़िंग ने कहा कि इस घटना ने पंजाब में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। उन्होंने राज्य सरकार से मामले में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ित बालिका को न्याय दिलाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित