देहरादून , जून 23 -- कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे "व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट" के अंतर्गत मंगलवार को उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में "गिग वर्कर न्याय संवाद" कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें ब्लिंकिट, स्विगी, जोमेटो, रैपिडो सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म से जुड़े गिग वर्कर्स ने हिस्सा लिया और अपने अनुभवों तथा समस्याओं को साझा किया।

उत्तराखंड युवा कांग्रेस की प्रभारी हरनीत कौर बरार ने इस अवसर पर सीधा संवाद कर गिग वर्कर्स की समस्याओं को नजदीक से समझने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले लाखों गिग वर्कर्स सम्मान, सुरक्षा और अपने बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है और राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया "व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट" देश के मेहनतकश युवाओं, श्रमिकों और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती प्रदान करने का अभियान है।

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि गिग वर्कर्स केवल ऐप आधारित कर्मचारी नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्हें सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, पारदर्शी भुगतान व्यवस्था, न्यूनतम आय की गारंटी तथा कानूनी पहचान प्रदान किया जाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गिग वर्कर्स की आवाज को सड़क से सदन तक उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में उपस्थित गिग वर्कर्स ने कहा कि वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं लेकिन उन्हें न तो पर्याप्त सुरक्षा मिलती है और न ही भविष्य की कोई गारंटी। कांग्रेस नेताओं ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें विश्वास दिलाया कि उनकी आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

प्रदेश कांगेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि "व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट" के माध्यम से श्री गांधी देशभर में युवाओं, श्रमिकों, किसानों और वंचित वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने भी इसी संकल्प के साथ गिग वर्कर्स के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर महामंत्री राजेंद्र शाह, जिला अध्यक्ष तेजस्वी राणा, प्रदेश महासचिव अभय कत्यूरा, स्वाति नेगी, रविंदर जूनियर,सहित अन्य पदाधिकारियों ने गिग वर्कर्स से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को नजदीक से समझने का प्रयास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित