नयी दिल्ली , मई 30 -- युवा कांग्रेस ने गिग वर्कर्स के लिए राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग तेज करते हुए कहा है कि इसके लिए देशव्यापी अभियान चलाया जायेगा।

युवक कांग्रेस ने शनिवार को यहां इंदिरा भवन में 'गिग वर्कर्स न्याय अभियान कॉनक्लेव' का आयोजन किया। कार्यक्रम में कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर काम करने वाले बड़ी संख्या में गिग वर्कर्स शामिल हुए। इस अवसर पर काँग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन, राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और प्रोफेसर संतोष मल्होत्रा समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी के कारण लाखों युवा गिग इकॉनमी की ओर बढ़े हैं, लेकिन उन्हें उचित मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार संबंधी अधिकार नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गिग वर्कर्स की आय, काम के घंटे और भविष्य प्लेटफॉर्म कंपनियों के एल्गोरिदम से नियंत्रित हो रहे हैं, जबकि दुर्घटना, अकाउंट बंद होने या भुगतान में कटौती जैसी समस्याओं पर उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलती।

उन्हाेंने कहा कि युवा कांग्रेस ने देश के 20 से अधिक शहरों में 40 हजार से ज्यादा प्लेटफॉर्म वर्कर्स से संवाद किया है। कर्नाटक और तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए कानून बनाए गए हैं, लेकिन पूरे देश में एक समान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय कानून की आवश्यकता है।

युवा कांग्रेस ने मांग की कि गिग वर्कर्स को कर्मचारी का दर्जा, सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन, उचित भुगतान और मनमानी आईडी बंदी से सुरक्षा दी जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को देशव्यापी अभियान बनाएगी और संसद में राष्ट्रीय कानून की मांग उठाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित