अमेठी , मई 27 -- अमेठी में समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास पर हमले और हंगामे का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर शाम अमेठी नगर स्थित आवास विकास कॉलोनी में हुई, जहां वर्तमान विधायक महाराजी प्रजापति अपने परिवार के साथ रहती हैं। पूर्व मंत्री के बेटे अनुराग प्रजापति ने कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि करीब दो से तीन दर्जन लोग मोटरसाइकिलों और एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से उनके आवास पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और वीडियो बना रहे परिजनों के साथ मारपीट करते हुए मोबाइल छीन लिया।

शिकायत में कई लोगों के नाम भी दर्ज कराए गए हैं। अनुराग प्रजापति का कहना है कि उनके परिवार को जान-माल का खतरा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की वजह सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी बताई जा रही है।

मामले पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमेठी मनोज मिश्रा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला विधायक समर्थकों और विपक्षी पक्ष के बीच सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर हुए विवाद से जुड़ा पाया गया है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित