यमुनानगर , अप्रैल 13 -- हरियाणा के यमुनानगर जिले की जगाधरी अनाज मंडी में गेटपास और बायोमैट्रिक सिस्टम की साइट बंद होने से नाराज किसानों ने सोमवार को मंडी के बाहर सड़क जाम कर दिया। किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रालियां सड़क के बीच खड़ी कर दीं और दरी बिछाकर करीब दो घंटे धरने पर बैठे रहे, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं। रोडवेज बसें भी जाम में फंस गयीं, जिससे यात्रियोंको भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान थाना प्रभारी प्रमोद कुमार और किसानों के बीच तीखीबहस भी हुई।

किसानों का कहना है कि गेटपास और बायोमैट्रिक साइट बंद होने के कारण उनकी फसल मंडी में प्रवेश नहीं कर पा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार पूर्वाह्न 11 बजे के बाद कोई गेटपास जारी नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें घंटों मंडी के बाहर इंतजार करना पड़ा।

मौके पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता भी पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गयी। भाकियू नेता मनदीप ने कहा कि पूरे हरियाणा में किसानों को ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले व्यासपुर मंडी में भी इसी तरह की समस्या आयी थी, जहां धरना प्रदर्शन के बाद किसानों को एंट्री दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित