बैतूल , जुलाई 05 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की भीमपुर तहसील के ग्राम धामदेही में लगातार हो रही वर्षा के कारण गाड़ा घाट नदी में आई बाढ़ से दो दर्जन से अधिक किसानों की सोयाबीन सहित खरीफ फसल नष्ट हो गई। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर राहत राशि और मुआवजा देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार भीमपुर क्षेत्र में अब तक 176 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है। धामदेही और आसपास के क्षेत्रों में अधिक वर्षा होने से गाड़ा घाट नदी उफान पर आ गई, जिससे नदी का पानी खेतों में भर गया और कई किसानों की खड़ी सोयाबीन फसल बह गई।
प्रभावित किसानों शिवशंकर धुर्वे, रिंगू धुर्वे, मानसिंह धुर्वे सहित अन्य किसानों ने बताया कि खरीफ फसल की बुवाई में की गई उनकी मेहनत और लागत बाढ़ के पानी में बह गई। किसानों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष वर्षा के दौरान गाड़ा घाट नदी में बाढ़ आने से फसलों को नुकसान होता है, लेकिन अब तक इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
लगातार वर्षा का असर सड़क यातायात पर भी पड़ा। गाड़ा घाट नदी पर बनी पुलिया जलमग्न होने से आशापुर-खंडवा मार्ग लगभग दो दिन तक बंद रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों ने प्रशासन और राजस्व विभाग से प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने, राहत राशि और मुआवजा उपलब्ध कराने तथा पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने गाड़ा घाट नदी में हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी उपाय करने की भी मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित