गाजीपुर , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले के सुहवल थाना क्षेत्र में हुए हादसे में गंगा नदी में गिरे दो युवकों के शव दो दिन बाद बरामद कर लिए गए।

पुलिस के अनुसार, बीते शुक्रवार देर शाम कालूपुर निवासी ट्रैक्टर चालक उपेंद्र यादव अपने साथी मेदनीपुर निवासी कृष्णा उर्फ टिल्लू के साथ गाजीपुर कोल्ड स्टोर से आलू खाली कर वापस लौट रहे थे। हमीद सेतु पर पहुंचने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा, जिससे दोनों युवक लापता हो गए थे।

घटना के बाद से ही प्रशासन द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया गया। शनिवार को क्रेन की सहायता से ट्रैक्टर-ट्रॉली और इंजन को नदी से बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

रविवार को दोनों युवकों के शव बरामद होने के साथ ही तलाश अभियान समाप्त कर दिया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित