गाजियाबाद , फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश में जिला गाजियाबाद स्थित मसूरी थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ट्रांसपोर्टर से रंगदारी मांगने और अपहरण के मामले में वांछित चल रहा था।

पुलिस एवं स्वाट टीम ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर मसूरी थाना क्षेत्र में जांच के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान अब्बास उर्फ बाबू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद बुलंदशहर का निवासी बताया जा रहा है। वह कुख्यात अपराधी अनिल दुजाना और बलराम ठाकुर गैंग से जुड़ा हुआ है और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।

पुलिस ने मौके से अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद किए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित