गाजियाबाद , अक्टूबर 08 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद स्थित क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर में बुधवार देर रात शिवलिंग खंडित किए जाने की सूचना से क्षेत्र में हलचल मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के दौरान एक 16-17 वर्षीय किशोरी के इस घटना में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और किशोरी की भूमिका समेत घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि कल देर रात करीब 1:30 बजे थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बिहारीपुरा स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर में शिवलिंग को खंडित कर दिया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।
मौके पर मौजूद चश्मदीद गवाहों से पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि एक करीब 16-17 वर्षीय लड़की को मंदिर परिसर में देखा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को यह भी बताया कि उक्त किशोरी को मंदिर की दीवार से कूदते हुए देखा गया। पुलिस ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। खंडित शिवलिंग को वहां से हटवाकर मंदिर में नया शिवलिंग स्थापित करा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं है।
मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित