गाजियाबाद , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक निर्माणाधीन (अंडर कंस्ट्रक्शन) मॉल से 7 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस द्वारा शनिवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि, घटना की सूचना देर रात करीब 1:00 बजे नंदग्राम थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने मृतक बच्ची के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम (कार्यवाहक) श्रीमती प्रियाश्री पाल ने बताया कि देर रात सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तथा संदिग्धों से पूछताछ जारी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल बच्ची की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित