गाजियाबाद , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिला के खोड़ा थाना क्षेत्र की नेहरू गार्डन चौकी के अंतर्गत रहने वाले दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद ने गुरुवार को उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब चौकी पर दोनों पक्षों के दोबारा आमने-सामने आने के बाद एक व्यक्ति ने चौकी से बाहर निकलकर कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इन्दिरापुरम सहायक पुलिस आयुक्त (कार्यवाहक) अमित सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में हुए विवाद के संबंध में उनके-अपने प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे। इसी क्रम में दोनों पक्ष आज चौकी पर आए थे, जहां पुनः विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा चौकी से बाहर जाकर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का प्रयास किया गया।
घटना होते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई की और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस ने झुलसे व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने व्यक्ति की हालत स्थिर बतायी और वह खतरे से बाहर है।
प्रकरण में सामने आए सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल मौजूद है और शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।
बीती रात दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर वाद-विवाद हुआ था। मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को अपने-अपने प्रार्थना पत्र दिए गए थे। इसी प्रकरण में गुरुवार को दोनों पक्षों को नेहरू गार्डन चौकी पर बुलाया गया था।
चौकी पर दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान एक पक्ष का एक व्यक्ति चौकी से बाहर निकल गया और उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित