गाजियाबाद , जून 26 -- उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग नौ स्थित मीडिया हाउस के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार में जा रही मोटरसाइकिल अचानक एक क्रेन से टकरा गयी, जिससे मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गाजियाबाद यातायात पुलिस की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने घायल को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

यातायात पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल के परिजनों को भी घटना की सूचना दी, ताकि वे शीघ्र अस्पताल पहुंच सकें। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी एवं अन्य औपचारिक कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

यातायात पुलिस गाजियाबाद ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें, पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा सड़क पर चल रहे भारी वाहनों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें, जिससे इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित