गाजियाबाद , सितंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन जोन में पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों के कुल 500 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है।
ट्रांस हिंडन जोन के पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने बुधवार को बताया कि गाजियाबाद के सभी थानों के साथ-साथ साइबर सेल और सर्विलांस टीम द्वारा गुम एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत पुलिस टीमों ने तकनीकी संसाधनों और सर्विलांस के माध्यम से अलग-अलग कंपनियों के 500 मोबाइल फोन को बरामद किया।
बरामद किए गए मोबाइल फोन विभिन्न मामलों में गुम या खो गए थे। मोबाइल फोन की बरामदगी के बाद पुलिस टीमों ने उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंप दिए गए।
मोबाइल फोन बरामद करने में पुलिस की साइबर और सर्विलांस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीमों ने तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया और उन्हें बरामद करने की कार्रवाई की। विभिन्न थाना पुलिस की टीमों ने भी इस अभियान में सक्रियता से भाग लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यमों से ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित