गाजियाबाद , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिला के लोनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस द्वारा 'ऑपरेशन प्रहार' के अंतर्गत लोनी इंटर कॉलेज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में करीब तीन छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि उसके भविष्य और पूरे समाज पर भी नकारात्मक असर डालता है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशे की लत व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देती है।

पुलिस टीम ने छात्रों को जीवन में सही दिशा चुनने, सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही यह भी बताया गया कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की चपेट में है, तो उसकी मदद करने और संबंधित जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करें।

इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना और उन्हें एक स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की ओर प्रेरित करना था। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशा मुक्त रहने का संकल्प भी लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित