गाजा , अगस्त 02 -- गाजा पट्टी में युद्धविराम योजना के अगले चरण को लागू करने पर शुक्रवार को सहमति बनने की घोषणा के बावजूद रविवार तड़के इजरायल के विभिन्न हवाई हमलों में दो बच्चों सहित आठ फिलिस्तीनियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गये।
दक्षिणी गाजा के खान यूनिस स्थित नासिर अस्पताल के चिकित्सा सूत्रों ने बताया कि शहर के उत्तर-पश्चिमी अल-करारा क्षेत्र में एक अपार्टमेंट पर इजरायली हवाई हमले में एक दंपति और उनकी बेटी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमला अल-हम्स परिवार के अपार्टमेंट पर हुआ, जिसमें 38 वर्षीय महमूद जकी अल-हम्स, उनकी 37 वर्षीय पत्नी फातिमा अल-हम्स और उनकी छोटी बेटी की मौत हो गयी। तीनों के शव अस्पताल पहुंचाये गये।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इजरायली तोपखाने ने खान यूनिस के मध्य स्थित दार अल-सलाम क्षेत्र पर भी गोलाबारी की। हालांकि, इस घटना में तत्काल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
मध्य गाजा में दीर अल-बलह के पश्चिम स्थित अल-मशाला क्षेत्र में इजरायली हेलीकॉप्टर द्वारा एक मकान पर किये गये हमले में 68 वर्षीय कमाल अबू मुआइलिक और उनकी 59 वर्षीय पत्नी हुदा की मौत हो गयी।
गाजा शहर में बंदरगाह क्षेत्र के निकट अल-सूसी टावर स्थित एक अपार्टमेंट पर इजरायली हमले में 33 वर्षीय अब्दुल्ला अबू तैफ, उनकी 29 वर्षीय पत्नी अबीर अनान और उनके पांच वर्षीय पुत्र अज्जाम की मौत हो गयी। अल-शिफा अस्पताल के चिकित्सा सूत्रों ने इसकी पुष्टि की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित