मुरादाबाद , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में गागन नदी पर कच्चा पुल टूटने से हुए हादसे के बाद मंडलायुक्त संगीता सिंह ने 15 दिन के भीतर सुरक्षित अस्थायी सेतु का निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने असुरक्षित मार्ग पर तत्काल आवागमन रोकने के भी कड़े निर्देश दिए।

गौरतलब है कि रक्षाबंधन पर्व मनाकर घर लौटते समय राजस्व ग्राम चौधरपुर (मलंगदत्ता) में गागन नदी पर बना कच्चा पुल टूट गया था। इससे बाइक सवार दंपती और उनके तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच सदस्य उफनती नदी में गिर गए थे। हादसे में महिला की डूबने से मौत हो गई थी, जबकि सात माह का एक बच्चा अब भी लापता है। आसपास के ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए महिला के पति और उनके बेटे-बेटी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।

हादसे को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने शनिवार को घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए 15 दिवस के भीतर सुरक्षित अस्थायी पुल का निर्माण कराया जाए और तब तक असुरक्षित मार्ग से आवागमन पूरी तरह रोका जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्थायी पुल के निर्माण के लिए जून 2026 में संशोधित प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। मंडलायुक्त ने शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी करते हुए प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों को चिन्हित कर सम्मानित करने की भी बात कही।

इसके अलावा मंडलायुक्त ने कमिश्नरी परिसर के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रखरखाव, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नेम प्लेट अनिवार्य करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा शासकीय कार्यों में समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित