लखनऊ , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पाद अब गांव और स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं रहेंगे। योगी सरकार ने ग्रामीण महिला उद्यमियों को बड़े बाजार से जोड़ने के लिए 543 प्रेरणा सरस स्टोर और 3,000 से अधिक उत्पादों के लिए ऑनलाइन-ऑफलाइन विपणन प्लेटफॉर्म तैयार किए हैं। इसके जरिए स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सकेंगे।
सरकार के मुताबिक, समूहों के उत्पादों को ओएनडीसी, ई-सरस, प्रेरणा मार्ट, मीशो, अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे डिजिटल मंचों पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। वहीं जनपद और ब्लॉक स्तर पर स्थापित प्रेरणा सरस स्टोर स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध करा रहे हैं।
ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को केवल बचत और ऋण तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उत्पादन के साथ पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार से जुड़ाव बढ़ने से महिलाओं के छोटे उद्यमों को विस्तार का अवसर मिलेगा।
बिजनौर राज्य एग्रीगेशन सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन विपणन की शुरुआत भी की जा चुकी है। इसके तहत अलग-अलग समूहों के उत्पादों को एक मंच पर लाकर उनकी बिक्री और बाजार तक पहुंच को व्यवस्थित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे किसी जिले या क्षेत्र विशेष की पहचान वाले उत्पादों को दूर-दराज के ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित