अमृतसर , मार्च 07 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बाबा बकाला साहिब के पास स्थित गांव सठियाला के गुरुद्वारा साहिब पातशाही नौवीं में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप की हुई बेअदबी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने लगातार हो रही बेअदबी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

एडवोकेट धामी ने शनिवार को कहा कि पंजाब में गुरबाणी की बेअदबी की घटनाओं का लगातार होना एक बड़ी साजिश है, जिसके दोषियों को सामने लाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मानवता को जीवन का मार्ग दिखाने वाली गुरबाणी की बेअदबी की ऐसी घटनाओं से सिख संगत की भावनाओं को भारी ठेस पहुंचती है।

शिरोमणि कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि गुरबाणी की बेअदबी करने वालों के लिए कठोर दंड का प्रावधान होना अनिवार्य है, जिसकी मांग सिख संगत लंबे समय से कर रही है। सरकारों द्वारा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई न किए जाने के कारण ही ऐसे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं।

एडवोकेट धामी ने सरकार से कहा कि बेअदबी के दोषियों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधकों और संगत से भी अपील की कि वे गुरुद्वारा साहिबों के अंदर पहरा (निगरानी) देना अनिवार्य बनायें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न घट सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित