चंडीगढ़ , जून 26 -- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा है कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।

श्री ढांडा ने पानीपत के गांव सिवाह में जिला परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों को पानी के टैंकर और सार्वजनिक उपयोग के लिए बेंच वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद की अध्यक्ष ज्योति शर्मा ने की।

श्री ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार गांवों के समग्र विकास और पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सुधार लाना है।

उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पानी के टैंकर और सार्वजनिक बेंच जैसी सुविधाएं ग्रामीणों के दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने में सहायक होंगी। सरकार अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सुश्री ज्योति शर्मा ने कहा कि जिला परिषद पानीपत ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। पंचायतों को उपलब्ध कराए गए पानी के टैंकर पेयजल और अन्य आवश्यक कार्यों में उपयोगी साबित होंगे, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाने वाले बेंच ग्रामीणों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधा प्रदान करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित