चंडीगढ़ , मई 23 -- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शनिवार को करनाल जिले के अराईपुरा और बस्सी अकबरपुर गांवों को जोड़ने वाली सड़क के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया। जिला परिषद द्वारा कराए गए इस कार्य पर कुल 67.31 लाख रुपये खर्च हुए हैं। 2.61 किलोमीटर लंबी सड़क के नवीनीकरण की मांग लंबे समय से लंबित थी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और गुटबाजी व आपसी राजनीति से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांवों के समग्र विकास के लिए सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता अत्यंत आवश्यक है। जब गांव का वातावरण सौहार्दपूर्ण होता है, तभी विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ते हैं और सभी को समान लाभ मिलता है।
उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं। शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। लोगों की मांग पर नए विकास कार्य भी शुरू होंगे। इस सड़क के अलावा गांव में लगभग 85 लाख रुपये की लागत से अन्य विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। गांव में तालाब से जुड़े कार्यों को भी जल्द पूरा कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित