नयी दिल्ली , अप्रैल 04 -- दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड को गांवों के सर्वांगीण विकास हेतु पर्याप्त और प्रभावी बजट उपलब्ध कराया गया है जिससे विकास कार्यों को नई गति और दिशा मिली है।

श्री सिंह ने शनिवार को कहा कि राजधानी के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र और संतुलित विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के फंड के अंतर्गत तथा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से बवाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए विकास कार्य तेज गति से कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इन कार्यों के अंतर्गत गाँव जटखोड़ से पंजाब खोड़ तक काली सड़क का निर्माण, गाँव माजरा से जटखोड़ तक काली सड़क का निर्माण, पंजाब खोड़ में फिरनी रोड एवं आर.सी.सी. नाले का निर्माण, बाजीतपुर में फिरनी रोड एवं आर.सी.सी. नाले का विकास, बाजीतपुर से माजरा तक काली सड़क का निर्माण तथा हरवेली गाँव में फिरनी रोड का व्यापक विकास कार्य शामिल है। हरवेली गाँव का यह कार्य विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह पिछले लगभग 30 वर्षों से लंबित था और अब वर्तमान दिल्ली सरकार द्वारा इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है।

समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों के माध्यम से केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि गांवों के समग्र और दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव रखी जा रही है। इन परियोजनाओं से गांवों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी, आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा तथा आर.सी.सी. नालों के निर्माण से जलभराव और जल निकासी की पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा। इसके साथ ही स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों में भी व्यापक सुधार देखने को मिलेगा, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड को गांवों के सर्वांगीण विकास हेतु दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पर्याप्त और प्रभावी बजट उपलब्ध कराया गया है, जिससे विकास कार्यों को नई गति और दिशा मिली है। यह बजट गांवों में टिकाऊ, आधुनिक और भविष्य उन्मुख बुनियादी सुविधाओं के निर्माण को सुनिश्चित करेगा, जिससे आने वाले वर्षों में भी इनका लाभ मिलता रहेगा।

श्री इन्द्राज ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव में मजबूत सड़क नेटवर्क, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, बेहतर बुनियादी ढांचा और सुविधाजनक जीवन परिवेश उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को भी शहरी सुविधाओं के समकक्ष विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि लगातार विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया जा रहा है तथा आने वाले समय में भी इसी प्रतिबद्धता और गति के साथ विकास कार्य जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित