मोहाली , अगस्त 03 -- पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने गांवों के विकास कार्यों को गति देने के लिए एक बार फिर अनुदान जारी किया है।
मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सरपंचों को विकास कार्यों के लिए अलग-अलग राशि के अनुदान वितरित किए।
विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में पहली बार किसी सरकार ने गांवों के विकास और जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकानों के निर्माण के लिए इतने बड़े स्तर पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से मोहाली क्षेत्र में लगभग 300 जरूरतमंद परिवारों को मकान निर्माण के लिए अनुदान दिया गया है, जबकि करीब 200 परिवारों को उन्होंने अपने विधायक निधि (एमएलए फंड) से आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस प्रकार अब तक मोहाली क्षेत्र में लगभग 500 परिवारों को मकान निर्माण के लिए सहायता मिल चुकी है।
कार्यक्रम में पहुंचे कई सरपंचों ने पंजाब सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उनका कहना था कि आप सरकार बनने के बाद लोगों को मुफ्त बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित कई जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। साथ ही गांवों के विकास के लिए भी लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित