श्रीगंगानगर , मई 09 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा है कि राजस्थान सरकार गांव, किसान, युवा और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। डाॅ पूनिया राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'ग्राम विकास रथ यात्रा' के तहत श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र के गांव 18 जीजी गोविंदपुरा में शुक्रवार रात्रि में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की ग्रामीण विकास एवं किसान कल्याण पर केंद्रित नीतियों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि 'डबल इंजन सरकार' की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम विकास रथ यात्रा निकाली जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नयी गति और ऊर्जा मिल रही है।
डॉ. पूनियां ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि धरातल पर ठोस विकास कार्य करती है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आमजन तक पहुंच रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान देकर खेती को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कृषि भूमि पर तारबंदी अनुदान योजना के तहत किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनकी आय बढ़ रही है और खेती मजबूत हो रही है। इस अवसर पर कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह, प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी विजेन्द्र पूनिया, रायसिंहनगर के पूर्व विधायक बलवीर लूथरा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आत्माराम तरड़, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रियंका मेघवाल, जिला महामंत्री प्रदीप धेरड़ एडवोकेट, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सतपाल कासनिया सहित कई भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित