पौड़ी , अक्टूबर 02 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिला कारागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्म सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, जमानत और अपील सहित विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

जिला सत्र न्यायाधीश ने कहा कि कारागार में निरुद्ध होने मात्र से किसी व्यक्ति के कानूनी अधिकार समाप्त नहीं हो जाते। प्रत्येक बंदी को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही गांधी और शास्त्री के आदर्शों का स्मरण करते हुए बंदियों से अनुशासन एवं सदाचार अपनाकर समाज की मुख्यधारा में लौटने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित