जालौन , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन उरई में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल, क्षेत्राधिकारी उरई राजीव कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार सिंह समेत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को आत्मसात करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को महात्मा गांधी के आदर्शों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के विचार तथा शास्त्री जी की सादगी एवं कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने स्वच्छता एवं जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित