जालौन , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी समीर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और गांधीजी व शास्त्रीजी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान 'रघुपति राघव राजा राम' भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति से वातावरण गांधीजी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के संदेश से गुंजायमान रहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि दो अक्टूबर देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, वहीं शास्त्रीजी ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की। उनका 'जय जवान, जय किसान' संदेश आज भी राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है।

डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों से गांधीजी के सत्य-अहिंसा और शास्त्रीजी के अनुशासन व राष्ट्रसेवा के आदर्शों को कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा में ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता ही महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव राज, एडीएम नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, एडीएम न्यायिक शत्रुहन पाठक, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार समेत अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित