पटना , मई 06 -- बिहार मंत्रिमंडल विस्तार और नए मंत्रियों को शपथ के अवसर पर गांधी मैदान में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा वर्षा की स्थिति में त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने के लिये पटना नगर निगम ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा एवं निगम के सभी वरीय पदाधिकारियों की सतत निगरानी में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व गांधी मैदान की गहन साफ-सफाई के लिए लगभग 40 सफाई कर्मियों को लगाया गया है। वहीं कार्यक्रम के दौरान परिसर एवं शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने, पेयजल वितरण तथा जल निकासी की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 300 से अधिक सफाई कर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई है।
नगर आयुक्त के निर्देशानुसार नूतन राजधानी एवं पाटलिपुत्र अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों की निगरानी में विभिन्न वार्डों के प्रभारी सफाई निरीक्षक अपनी-अपनी टीमों के साथ गांधी मैदान में कार्यरत रहेंगे। सभी 50 प्रभारी निरीक्षकों को अपने वार्ड से पांच-पांच सफाई कर्मियों की टीम तैयार करने का निर्देश दिये गये हैं। चयनित सभी सफाई कर्मियों को पहचान पत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित