बुरहानपुर , अक्टूबर 26 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश की पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने पलटवार किया है। उन्होंने इस बयान को कांग्रेस की राजनीतिक हताशा बताते हुए गांधी परिवार पर निशाना साधा।
चिटनिस ने बुरहानपुर में कहा कि कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी, तो कभी उनके पिताजी को लेकर टिप्पणियां की जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी संबंधित नेताओं की मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि शब्द भले ही मल्लिकार्जुन खरगे के हों, लेकिन इसके पीछे राहुल गांधी और सोनिया गांधी की भूमिका है।
चिटनिस ने कहा, "जिस प्रकार मछली पानी के बिना तड़पती है, उसी प्रकार गांधी परिवार सत्ता के लिए तड़प रहा है।" उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां कांग्रेस की हताशा और निराशा को उजागर करती हैं तथा राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि देश और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके नेताओं की इस तरह की बयानबाजी उनकी राजनीतिक सोच को उजागर करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित