जोधपुर , अक्टूबर 26 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि गांधी परिवार के नेतृत्व का मानसिक दिवालियापन अब पूरी कांग्रेस पार्टी पर हावी है और ऊपर से नीचे तक, सब पर छाया हुआ है।

श्री शेखावत सोमवार को यहां अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में शायद इस तरह की अभद्र टिप्पणियों की किसी के लिए कोई गुंजाइश नहीं है। यह पहली बार नहीं है, जब उस व्यक्ति ने सनातन के लिए इस तरह की बात की, जिसने श्री मोदी की माता के लिए इस तरह की बात की और अब उनके दिवंगत पिता के लिए इस तरह की बात करना, लगता है कि यह कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन तो है ही, साथ ही उनके वर्तमान नेतृत्व का भी मानसिक दिवालियापन है।

श्री शेखावत ने कहा कि जब वह नेतृत्व कहते हैं, तो प्रदेश अध्यक्ष या राष्ट्रीय अध्यक्ष नेतृत्व नहीं होता। कांग्रेस में नेतृत्व हमेशा गांधी परिवार के पास रहता है और लगता है कि गांधी नेतृत्व का मानसिक दिवालियापन अब पूरी कांग्रेस पर हावी है और ऊपर से नीचे तक सब पर छाया हुआ है।

उन्होंने कहा कि हर लोकतांत्रिक पार्टी का अपना-अपना अधिकार है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर राजनीतिक पार्टी काअपना अधिकार है कि वह अपने विषयों को लेकर जनता के बीच जाए। अपना-अपना तरीका है। उन्होंने पहले भी दिल्ली में अराजकता फैलाने की कोशिश की थी, पर प्रश्न सिर्फ इतना है कि उनको अपना मंतव्य स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन कॉकरोचों के ऊपर चढ़कर वह बैठे थे, उस आंदोलन में सहभागी बने थे, उन्होंने जो बयान दिए या उनके साथ वामपंथी विचारधारा के संगठनों ने जिस तरह से उनके साथ मिलकर आंदोलन किया था, या जिनके आंदोलन के वह सहयोगी बने थे,वे भारत विरोधी और भारत विभाजन की मानसिकता वाले लोग हैं।

श्री शेखावत ने कहा कि अगर वह रैली करेंगे तो लगता है कि वह रैली सार्थक भी होगी। शायद जनता उनके इस संवाद केसाथ जुड़ भी पाएगी, वरना अपने कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाकर और जिस तरह का भाषण आज तक देते आए हैं, वैसा हीएक भाषण और देकर वापस लौटकर आ जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित