दरभंगा , अक्टूबर 02 -- बिहार के जाने-माने साहित्यकार एवं तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रो. पवन कुमार सिंह ने कहा कि गांधी जी की प्रासंगिकता सदैव बनी रहेगी।प्रो. सिंह ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के तत्वावधान में गांधी जयंती पर जुबिली हॉल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि गांधी जी जितने सरल और सहज दिखते हैं, उनके व्यक्तित्व का विश्लेषण उतना ही व्यापक और कठिन है। उन्होंने कहा कि मिथिला की धरती धन्य है, जहां गांधी जी चार बार आए। यहां के महाराजाओं से उनके व्यक्तिगत एवं घनिष्ठ संबंध थे। दक्षिण अफ्रीका में उनके प्रयोगों का सिलसिला शुरू हुआ, जो जीवनभर जारी रहा। उन्होंने कहा कि गांधी जी समय के पाबंद तथा सत्य और अहिंसा के प्रबल समर्थक थे।
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में शीघ्र गांधी चेयर स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांधी के व्यक्तित्व और विचारों की चर्चा एक-दो घंटे में संभव नहीं है। गांधी जी ने अपने जीवन में समय के साथ स्वयं को बदला और सामाजिक परिवर्तन के लिए व्यक्ति को स्वयं को दर्पण बनाना चाहिए। उन्होंने गांधी जी को राष्ट्र का ध्रुवतारा बताते हुए कहा कि उनके मानवतावादी विचारों को दबाया नहीं जा सकता। विकसित भारत-2047 के निर्माण के लिए गांधी के विचारों को लेकर आगे बढ़ना होगा।
विश्वविद्यालय राजनीति विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. मुनेश्वर यादव ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि गांधी 21वीं सदी के लिए तथा पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी ने अफ्रीका, यूरोप और एशिया को प्रभावित किया और आज भी पूरी दुनिया को मार्ग दिखा रहे हैं। उन्होंने गांधी के कर्तव्य संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्तव्य के हिमालय से ही अधिकार की गंगा निकलती है।
इससे पूर्व कुलपति के नेतृत्व में अतिथियों, शिक्षकों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने महात्मा गांधी सदन पहुंचकर गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। बीएड के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और विश्वविद्यालय कुलगीत प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने गांधी जी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति के साथ उनके जीवन पर आधारित मूक अभिनय भी किया।
दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. हरे कृष्ण सिंह ने स्वागत किया, जबकि उपनिदेशक डॉ. विवेक कुमार राय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बीएड के संगीत शिक्षक अक्षय शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। अतिथियों का स्वागत पाग, चादर, स्मृति चिह्न एवं तुलसी पौधा प्रदान कर किया गया। समारोह का समापन बिहार गीत से हुआ।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित ऑन स्पॉट निबंध प्रतियोगिता में तनुश्री ने प्रथम, श्वेता कुमारी ने द्वितीय तथा रघुनंदन कुमार एवं सौम्य सुगंध ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गुड्डू कुमार, निधि कुमारी, शांभवी कुमारी, गौरव कुमार, महाचन्द्र ठाकुर, साक्षी कुमारी एवं शिवानी कुमारी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्राओं तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के 50 से अधिक स्वयंसेवकों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित