भोपाल , अक्टूबर 02 -- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वराज संस्थान संचालनालय, संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा शुक्रवार शाम 06.30 बजे रवीन्द्र भवन भोपाल में 'एकै राम रहीम' भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 'हनुमान अंश' फेम युवा बुंदेली लोकगायक सुनील लोधी एवं उनके दल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

सुनील लोधी मध्यप्रदेश के युवा भजन गायक हैं। 'हनुमान अंश' फिल्म के गीत 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' और 'सागर में नैय्या डार दई' से उन्हें पहचान मिली है। बचपन से ही गायन में रुचि रखने वाले सुनील लोधी गांवों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भक्ति गीत प्रस्तुत करने के साथ स्वयं गीतों की रचना भी करते रहे हैं।

उन्होंने ट्रेन के सफर के दौरान भी अपने भजनों की प्रस्तुति देकर यात्रियों का मनोरंजन किया और प्रशंसा हासिल की। दृष्टिहीन होने के बावजूद अपनी विशिष्ट आवाज और बुंदेली लोकगायन शैली के माध्यम से उन्होंने सोशल मीडिया पर पहचान बनाई है। 'हनुमान अंश' फिल्म के गीतों की लोकप्रियता के बाद उन्हें व्यापक पहचान मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित