दरभंगा , अक्टूबर 02 -- ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय(एलएनएमयू), दरभंगा के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कोषांग के संयुक्त तत्वावधान में गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी सदन परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. हरे कृष्ण सिंह एवं एनएसएस समन्वयक -प्रथम डॉ. आर.एन. चौरसिया के नेतृत्व में आयोजित अभियान में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की।
इस अवसर पर प्रो. सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार में स्वच्छता, श्रमदान और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता पैदा करना है। अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाकर ही महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से तन-मन स्वस्थ रहने के साथ कार्यक्षमता भी बढ़ती है।उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान महात्मा गांधी सदन परिसर, सड़कों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर कचरा एकत्र किया गया, जिसे सफाई कर्मियों ने उचित स्थान पर पहुंचाया।
डॉ. चौरसिया ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामाजिक दायित्व है। विद्यार्थियों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, शैक्षणिक परिसर, सार्वजनिक स्थानों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी स्वच्छता को स्वस्थ एवं सभ्य समाज की आधारशिला मानते थे और उनके स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने "स्वच्छ परिसर, स्वस्थ समाज", "स्वच्छता ही सेवा है" और "स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्वयंसेवकों एवं कर्मियों ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।
अभियान में भू-संपदा पदाधिकारी डॉ. कामेश्वर पासवान, बीएड (नियमित) विभागाध्यक्ष डॉ. अरविन्द कुमार मिलन, डॉ. शंभू प्रसाद, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. उदय कुमार एवं डॉ. सुजीत कुमार साफी, डीडीई के उपनिदेशक डॉ. मुकेश कुमार शर्मा, प्रेस प्रभारी डॉ. दिवेश कुमार शर्मा सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित