पटना , अक्टूबर 02 -- गांधी जयंती के मौके पर सूबे के सभी 1373 थानों में चाइल्ड हेल्प डेस्क या चाइल्ड कॉर्नर की शुरुआत की गई है। यह खास पहल बिहार पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 8 (5) एवं राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनपीसीसीआर) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है।

सभी थानों में 'बच्चों की सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता' की भावना के साथ इस डेस्क की स्थापित की गई है। इसका मकसद किसी मामले में या किसी मदद के लिए थाना आने वाले बच्चों को एक भयमुक्त, संवेदनशील एवं मैत्रीपूर्ण स्थान है। यहां बच्चे बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकते हैं।

प्रत्येक थाना परिसर में लॉकअप से अलग दिखने वाले स्थान पर बाल कल्याण पुलिस अधिकारी (सीडब्ल्यूओपी) के नेतृत्व में इस चाइल्ड डेस्क की स्थापना की गई है।

यहां लगाए गए फ्लेक्स/साइन बोर्ड पर संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर प्रदर्शित किए गए हैं। सभी संबंधित पदाधिकारी हर समय सक्रिय एवं क्रियाशील रहेंगे। किसी समस्या में पड़े या मदद के लिए आने वाले बच्चों अथवा उनके अभिभावक/परिजनों का कॉल आने पर उसी समय सहायता के लिए समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस चाइल्ड कॉर्नर में सहायता के लिए आने वाली बालिकाओं से संवाद स्थापित करने एवं उनकी समस्याओं के निराकरण के लिये एक योग्य महिला कर्मी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। यहां प्राप्त होने वाली शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी एवं इन पर कार्रवाई का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), विशेष अपराध-सह-प्रभारी, विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं अन्य वरीय अधिकारियों के स्तर से उक्त पंजी (रजिस्टर) एवं बाल कल्याण पुलिस अधिकारी के कार्यों का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित