मोतिहारी , अक्टूबर 03 -- महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शनिवार को अपना 10वां स्थापना दिवस मनाया। गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक)की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव, पद्मश्री लोकगायिका मालिनी अवस्थी और सांसद राधा मोहन सिंह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

समारोह में विश्वविद्यालय की दस वर्षों की उपलब्धियों के साथ भविष्य की प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई।

कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि स्थापना दिवस उपलब्धियों की समीक्षा और आगे की राह तय करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि 14 विभागों से शुरू हुआ विश्वविद्यालय अब 20 विभागों तक पहुंच चुका है। स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रमों के साथ इसके परिसर का भी विस्तार हुआ है।

कुलपति ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में विश्वविद्यालय के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने यूजीसी-नेट और करीब 300 ने गेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। गेट-2026 में बीटेक कंप्यूटर साइंस के 51 में से 33 विद्यार्थी सफल रहे। इनमें एक विद्यार्थी ने अखिल भारतीय स्तर पर 63वीं रैंक हासिल की। विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र स्थापित किया है। अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ मैसाचुसेट्स डार्टमाउथ समेत 13 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से समझौते किए गए हैं। आईआईआरएफ-2024 की रैंकिंग में विश्वविद्यालय शीर्ष 20 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शामिल रहा है और राष्ट्रीय प्रदर्शनियों में तीन पुरस्कार हासिल कर चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित