पटना , अक्टूबर 02 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

डॉ. प्रेम कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के तैल चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी और सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और ऐतिहासिक नेतृत्व प्रदान किया। उनके विचार और जीवन-मूल्य आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

डॉ. कुमार ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन देश के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का संदेश देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित