जयपुर , नवंबर 02 -- सेना की गांडीव डिवीजन ने अपनी स्वर्ण जयंती के अवसर पर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराते हुए 'गांडीव हार्दिक मिलन 1.0' अभियान किया गया है। रक्षा सूत्रों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को पेंशन संबंधी मामलों, कल्याणकारी योजनाओं तथा अन्य प्रशासनिक विषयों पर आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान करना है। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान को सुगम बनाना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
इस अभियान का शुभारंभ रविवार को कोटा, जयपुर, लालगढ़ जाटान और अलवर से एक साथ किया गया। इस पहल के तहत चार समर्पित टीमें एक से 15 नवंबर तक राजस्थान के विभिन्न जिलों एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलायेगी। प्रशिक्षित सैनिकों की ये टीमें पूर्व सैनिकों, युद्ध में भाग ले चुके सैनिकों के परिवारों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी लेंगी तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करेंगी।
यह अभियान पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति गांडीव डिवीजन की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह पहल जमीनी स्तर पर संवाद, संवेदनशीलता एवं समन्वय को सुदृढ़ करने के साथ-साथ राष्ट्र की सेवा कर चुके सैनिकों के प्रति भारतीय सेना के सम्मान एवं सहयोग की भावना को भी दर्शाती है।
इस पहल के माध्यम से डिवीजन ने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों की गरिमा, कल्याण एवं सुख-समृद्धि सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को पुनः दोहराया है। इस अभियान को प्रतिवर्ष आयोजित करने की परिकल्पना की गई है ताकि पूर्व सैनिक समुदाय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए उनकी कल्याणकारी आवश्यकताओं के लिए प्रभावी सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित