जगदलपुर , फरवरी 19 -- छत्तीसगढ के बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक युवक को गांजा बेचते हिरासत में लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब तीन किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने आज (गुरुवार) बताया - थाना कोतवाली जगदलपुर को सूचना मिली कि आमागुड़ा स्थित हनी डेली नीड्स के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में गांजा लेकर ग्राहक के इंतजार में खड़ा है। थाना प्रभारी कोतवाली शिवानंद सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया। टीम ने हनी डेली नीड्स के पास घेराबंदी कर संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया। उसके पास रखी प्लास्टिक बोरी की तलाशी लेने पर 2 किलो 916 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अखिल पौराणिक (39 वर्ष) पुत्र सुबोध, निवासी रिलायंस पेट्रोल पंप के पास आमागुड़ा जगदलपुर बताया। आरोपी गांजा रखने का कोई वैधानिक प्रमाण नहीं दिखा सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित