अलवर , अक्टूबर 17 -- ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर राजस्थान और हरियाणा में महंगे दामों पर बेचने के मामले में खैरथल- तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पांच वर्ष से फरार इनामी आरोपी सैकुल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि आरोपी कथित तौर पर अपने भाई के ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर लाता था और इसकी तस्करी से मुनाफा कमाकर ऐशो-आराम की जिंदगी जीता था। गत 26 सितंबर को पुलिस ने घटाल गांव में श्मशान की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर एक कार से 103 किलो गांजा बरामद किया था। इस मामले में मौके से रऊफ अहमद उर्फ रोकी, अख्तर खान और इमानुद्दीन उर्फ मानराज को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा सैकुल से खरीदना बताया था।
पुलिस ने बताया कि सैकुल गिरफ्तारी से बचने के लिए कथित तौर पर पिछले पांच वर्ष से नाम और ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी की ओर से दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित