बैतूल , मई 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारणी पुलिस ने गांजा तस्करी मामले में फरार चल रही तीन महिला आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सारणी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी से जुड़े मामले में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मई को सारणी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बबलू धुर्वे (38) निवासी बगडोना बस्ती तथा शेख फरीद निवासी सारणी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजकर मामले की विवेचना की जा रही थी।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस को अन्य सहयोगियों की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को सीमा उर्फ रमती बाई (40) निवासी बगडोना बस्ती, कविता सरियाम (35) निवासी कैलाश नगर शोभापुर तथा सविता उईके (40) निवासी बगडोना बस्ती को गिरफ्तार कर लिया। तीनों महिलाओं की भूमिका गांजा तस्करी मामले में सामने आने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक प्रीति पालेवार, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके तथा आरक्षक मोहित भाटी, जितेन्द्र मोरे, मोनू उईके, वर्षा नागले और लक्ष्मी कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित