हरिद्वार , अगस्त 05 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को कार्रवाई करते हुए 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपितों के कब्जे से गांजे के अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। सरकारी बस वर्कशॉप से रेलवे कॉलोनी जाने वाले कच्चे मार्ग के पास जांच के दौरान टिबड़ी फाटक की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को कुछ ही दूरी पर बाइक सहित दबोच लिया।
तलाशी लेने पर बाइक चला रहे रोहित सैनी निवासी शांति विहार कॉलोनी, लाल मंदिर, ज्वालापुर के बैग से 5.160 किलोग्राम तथा पीछे बैठे मोहित सैनी निवासी शांति विहार कॉलोनी, लाल मंदिर, ज्वालापुर के थैले से 4.640 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। दोनों के कब्जे से कुल 9.800 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वह यह गांजा मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना निवासी एक व्यक्ति से बहादराबाद टोल प्लाजा के समीप लेकर आए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है, जबकि फरार आपूर्तिकर्ता की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित