जयपुर , अक्टूबर 04 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह नगरीय निकाय चुनाव में हार की हताशा में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
भाजपा नेता एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रविवार का अपने बयान में कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन के बाद कांग्रेस नेताओं की हताशा बयानों में स्पष्ट दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा अपनी हार पर आत्ममंथन करने की बजाय जनादेश पर सवाल उठाना जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि आने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी जनता अपने विवेक से निर्णय करेगी।
श्री दिलावर ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निष्पक्ष भाव से कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यही कारण है कि नगर निकाय चुनावों में जनता ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वाेच्च है और जनता जिस दल को अपना आशीर्वाद देती है, वही चुनाव में विजयी होता है।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि श्री गहलोत का बयान हताशा भरा है। कांग्रेस के लोग हताशा में कह रहे हैं निकाय चुनाव में गुंंडागर्दी की गई जबकि पहली चुनाव अमन चैन एवं शांतिपूर्ण हुए हैं और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने एक राज्य एक चुनाव के तहत चुनाव कराकर इस सकंल्प को साकार कर रही है जबकि कांग्रेस सरकार ने पंचायती राज व्यवस्था को पंगु कर दिया था और एक-एक पंचायत समिति में दो-दो साल तक चुनाव चलते रहे और विकास कार्य अवरुद्ध रहे।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता ने भजनलाल सरकार के कामकाज पर अपनी मुहर लगाई है और अब पंचायत चुनाव में भी भाजपा को भारी जनसमर्थन मिलेगा। क्योंकि हर बार हार के बाद कभी ईवीएम का मुद्दा उठाने और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बयान देने वाली कांग्रेस की प्रासंगिकता जनता के बीच समाप्त हो गई है।
ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि श्री गहलोत को अपनी गिरेबां में झांककर देखना चाहिए कि उनके शासनकाल में पंचायत राज चुनाव टुकड़ों में करवाए गए और सत्ता का दुरुपयोग करते हुए खरीद-फरोख्त कर बोर्ड बनाए गए। इतना ही नहीं, सत्ता में बने रहने के लिए विधायकों से लेकर मंत्रियों की लगातार फोन टैपिंग कराई गई।
उन्होंने कहा कि श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पानी-बिजली सहित सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक काम हो रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप नगरीय निकायों में भाजपा को प्रचंड जनादेश प्राप्त हुआ जिसस श्री गहलोत को छटपटाहट हो रही है। क्योंकि कांग्रेस में आपसी खींचतान के चलते उनके नेताओं में एक-दूसरे के प्रति विश्वास नहीं है और केवल सत्ता लोलुपता सता रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित