जोधपुर , अगस्त 01 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर प्रदेश में परिस्थितियां लगातार बिगड़ने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जब से यह सरकार आई है, विभागों में भुगतान रुके हुए हैं और पेंशन समय पर नहीं मिल रही है।

श्री गहलोत ने शनिवार को यहां सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गत 31 मार्च तक जो स्वीकृतियां निकल चुकी थीं, उनके बिलों को दोबारा प्रक्रिया में डालकर केवल भुगतान में देरी की जा रही है। इससे लोग बेहद परेशान हैं। अतरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) के कमरे के बाहर सबसे ज्यादा भीड़ सेवानिवृत्त कर्मचारियों की रहती है, जो अपने हक का पैसा (जीपीएफ एवं रिटायरमेंट बेनिफिट्स) पाने के लिए चक्कर काट रहे हैं। सरकार उनका खुद का जमा किया हुआ पैसा भी नहीं चुका पा रही है।

उन्होंने कहा कि क्या मुख्यमंत्री को इन हालातों की जानकारी नहीं है, क्या वे निगरानी नहीं कर पा रहे हैं। समझ नहीं आ रहा कि चल क्या रहा है। विपक्ष के रूप में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली विधानसभा में इन मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। सरकार बनते ही हम लगातार सुझाव दे रहे हैं कि हमारी बातों को आलोचना न मानकर सुशासन के लिए 'फीडबैक' समझा जाए, लेकिन सरकार ध्यान ही नहीं दे रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित