जयपुर , जून 24 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि वह अपनी समाप्त होती राजनीतिक प्रासंगिकता को बनाए रखने के लिए लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों के लिए घोड़े, गधे, भैंस और बकरी जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे है। श्री राठौड़ ने बुधवार को अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि श्री गहलोत ने अपने तीनों कार्यकाल में प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण की बजाय केवल गांधी परिवार को खुश करने में ही निकाल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है कि अशोक गहलोत ने अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने में ही पूरी ऊर्जा लगायी और साथ ही अपने पुत्र को राजनीति में स्थापित करने के प्रयासों में जुटे रहे। जनता के सरोकारों, विकास और बुनियादी सुविधाओं से उनका कोई वास्तविक सरोकार नहीं रहा।

श्री राठौड़ ने कहा कि यदि गहलोत ने अपने आकाओं को खुश करने के बजाय प्रदेश और जनता के कल्याण पर ध्यान दिया होता, तो उनका गृह जिला आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष नहीं कर रहा होता। उनके लंबे शासनकाल के बावजूद कई क्षेत्रों में विकास की अपेक्षाएं अधूरी रह गयी।

उन्होंने कहा कि श्री गहलोत आज भी गांधी परिवार के समक्ष अपनी उपयोगिता साबित करने और नंबर बढ़ाने की राजनीति में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब विकास, सुशासन और जवाबदेही की राजनीति को समर्थन दे रही है तथा कांग्रेस के नेताओं की अवसरवादी राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है। जनता भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को नकारते हुए विकासोन्मुखी राजनीति करने वाली भाजपा को समर्थन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित