जयपुर , अगस्त 29 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान 'निकाय चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में माहौल' पर पलटवार करते हुए दावा किया है कि इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरे प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ चुनाव जीतेगी और उन्हें (श्री गहलोत को) अपने बयान पर फिर समीक्षा करनी पड़ेगी।
श्री शेखावत शनिवार को जयपुर में यह बात कही। उन्होंने कहा कि उन्हें शत-प्रतिशत विश्वास है कि भाजपा केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में प्रचंड बहुमत के साथ चुनाव जीतने वाली है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले दिनों में तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि अगले 10-12 दिनों में जब चुनाव परिणाम सामने आएंगे, तब कांग्रेस को अपनी स्थिति पर फिर से विचार करना पड़ेगा। श्री शेखावत ने कहा कि श्री गहलोत इस बार फिर समीक्षा करने के लिए तैयार रहें कि उनकी पार्टी में क्या सिर-फुटव्वल था कि उनके जो रुझान थे, वे गलत साबित हुए। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम कांग्रेस के दावों और उसके आकलन की वास्तविकता सामने रख देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित