जयपुर , जून 22 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के चौपाल को लेकर दिये बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि उनकी सरकार होटलों में कैद रही और न जनता की सुनी और न ही जनप्रतिनिधि होने का धर्म निभाया गया जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित पूरी राज्य सरकार जनता के निरंतर संपर्क में हैं और आमजन की समस्याओं का समाधान हो रहा है।

श्री बेढम ने सोमवार रात अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता के प्रति जवाबदेहिता सुनिश्चित करते हुए ग्राम विकास चौपालों का आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री , मंत्री, विधायक सहित पूरी सरकार गांवों में जाकर समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही है। जबकि गहलोत सरकार में जनता के चुने हुए मंत्री-विधायक कई महीनों तक होटलों में कैद रहे। उन्होंने जनता की बात नहीं सुनी, ना ही अपने जनप्रतिनिधि होने का धर्म निभाया।

उन्होंने गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि उनका ग्राम चौपालों पर प्रश्न चिह्न खड़ा करना बेहद हास्यास्प्रद है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ श्री गहलोत जो कुठाराघात किया, उसके लिए उन्हें प्रायश्चित करना चाहिए। साथ ही उन्हें उनकी पार्टी के अंदरखाने की लड़ाई के समाधान करना चाहिए। हमारी सरकार जनता के हित में काम करती है और करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित