जयपुर , अक्टूबर 13 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह अपने नेताओं को इसलिए सही सलाह नहीं देते कि जब लोकसभामें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की छवि धूमिल होगी तो उन्हें पार्टी अध्यक्ष का मौका मिल जायेगा।

श्री राठौड़ ने मंगलवार को अपने बयान में यह आशंका जताते हुए कहा कि श्री गहलोत को अपने राजनीतिक अनुभव का उपयोग अपने नेताओं को सही सलाह देने में करना चाहिए। यदि कोई नेता गलत व्यवहार करता है, तो उसका समर्थन करने के बजाय उसे अपनी गलती स्वीकार करने और उसमें सुधार करने की सलाह देनी चाहिए। गलत आचरण का समर्थन करनेसे संबंधित व्यक्ति की गलतियां बढ़ती हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचता है।

उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि श्री गहलोत चाहते है कि श्री गांधी और श्री खड़गे की छवि अपने इन आचरणों से खराब हो जाए, और उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया जाए। जैसा कि गहलोत ने पहले भी इसका जिक्र करते हुए कहा था कि पायलट ने बनने नहीं दिया, नहीं तो बन जाता।

श्री राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब मुंगेरी लाल के सपने देख रहे है, देखते रहो। अधिकारियों के भरोसे कोई राजनीतिक पार्टी चलती है और अगर चलती है तो हश्र वहीं होगा जो आज कांग्रेस का हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के बलबूते पर राजनीति करती हैं। हम जनाधार के आधार पर राजनीति करते हैं और भाजपा की सोच,नीति तथा जो कार्य है उसके आधार पर राजनीति कर रहे है।

उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को भी बेबुनियाद करार दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित