उदयपुर , अगस्त 01 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों का करारा जवाब देते हुए कहा है कि वह जादूगर हैं, अच्छी हेराफेरी करते हैं लेकिन उन्हें अपने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की बातों का जवाब देना चाहिए।

श्री शर्मा ने शनिवार को यहां श्री गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री गहलोत जादूगर हैं। कांग्रेस के लोग भी कहते हैं कि वे हेराफेरी अच्छी करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री गहलोत के समय में रोडवेज के कर्मचारियों को आठ से नौ महीने में तनख्वाह मिलती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी को समय पर पेंशन और तनख्वाह दी जा रही है। राजस्थान में आज जब भी कोई अच्छा काम होता है तो उनको अपनी पुरानी बातें याद आती हैं। उनके समय में ट्रांसफरों और विकास के कामों में भ्रष्टाचार चलता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की जनता जानती है कि उनके मंत्री और अधिकारी जेल में हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार किया तो जेल की सलाखों में हैं। इन लोगों ने युवाओं को धोखा दिया था। लेकिन हमारी सरकार युवाओं को लगातार नियुक्ति पत्र दे रही है। हमने ढाई साल में 1.78 लाख युवाओं को नियुक्तियां दी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि उन्होंने अपने शासनकाल में इतने समय में कितनी नियुक्तियां दी। हमारी सरकार लगातार भर्तियां निकाल रही है।

श्री शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को श्री डोटासरा का जवाब देना चाहिए था लेकिन वे बातों को दूसरी तरफ घुमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने हमें बहुमत दिया। हम एक-एक वायदे को पूरा कर रहे हैं। राजस्थान में तेजी से विकास हो रहा है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के काम हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा विकास का विजन है। इसलिए किसान, महिला, युवा, और मजदूर के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास की दौड़ में सबसे आगे है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित